केकड़ी, 02 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कादेड़ा से मेहरूकलां मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की जान चली गई। मृतक की पहचान खवास निवासी लक्ष्मी नारायण बलाई (53) पुत्र रतनलाल बलाई के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नारायण भीलडी ग्राम से मजदूरी कर बाइक पर अपने गांव खवास लौट रहे थे। इसी दौरान खातोला नाड़ी के पास एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद उन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से कादेड़ा चिकित्सालय लाया गया।

परिजन को सौंपा शव: कादेड़ा चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची व मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार सुबह एएसआई रामस्वरूप चौधरी ने कादेड़ा पहुंचकर पंचनामा व पोस्टमार्टम आदि की कार्रवाई करवाई। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना पुलिस ने मृतक के पुत्र सुरेश की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


