केकड़ी, 06 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आगामी 11 जुलाई शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित केकड़ी दौरे की तैयारियों को लेकर सोमवार को नगर पालिका सभागार में शहर के सभी सामाजिक, व्यापारिक व अन्य संगठनों की संयुक्त बैठक विधायक शत्रुघ्न गौतम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के स्वागत, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं व जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक व स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक व भव्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से पूर्ण निष्ठा, समर्पण व समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने का किया संकल्प: बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने केकड़ी दौरे के दौरान क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित देवली-केकड़ी-सरवाड़-नसीराबाद फोरलेन सड़क परियोजना के प्रथम चरण ‘देवली-केकड़ी फोरलेन सड़क‘ का शिलान्यास करेंगे। इस महत्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापार को गति मिलेगी व विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। बैठक में उपस्थित सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने व मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।


