केकड़ी, 08 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना क्षेत्र के अजगरा में एक कंपनी कर्मचारी द्वारा ठेकेदार पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित ठेकेदार ने सरवाड़ थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ठेकेदार राकेश चौधरी पुत्र उगमा राम चौधरी निवासी रामपुरा डाबला (पीसांगन, अजमेर) ने रिपोर्ट में बताया कि उसने जीआरजी इन्फ्रा कंपनी से केकड़ी ब्लॉक के गांवों में पानी की पाइप लाइन बिछाने का ठेका लिया था। इस कार्य के पेटे कंपनी पर उनके करीब 50 से 52 लाख रुपए बकाया चल रहे थे। पिछले 12 महीनों से बकाया भुगतान नहीं होने के कारण वे लगातार अपने पैसे की मांग कर रहे थे।

स्टोर रूम के बाहर हुआ विवाद: बुधवार को दोपहर लगभग 1:00 बजे राकेश चौधरी ग्राम अजगरा स्थित कंपनी के स्टोर रूम के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान कंपनी का कर्मचारी अनिल कुमार सैनी (निवासी अचरोल जयपुर) कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश प्रजापत के साथ गाड़ी में बैठकर वहां आया। गाड़ी से उतरते ही अनिल सैनी ने पीड़ित से कहा कि तू कंपनी से बार-बार पेमेंट की मांग क्यों कर रहा है? इस पर जब पीड़ित ने कहा कि 12 महीनों से बकाया भुगतान नहीं मिला है, तो मैं तकाजा क्यों न करूं, इस बात पर अनिल सैनी तैश में आ गया व गाली-गलौज करने लगा।

कार से चाकू निकालकर किया हमला: गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी अनिल कुमार सैनी ने पास ही खड़ी प्रोजेक्ट मैनेजर की कार के अंदर से एक धारदार चाकू निकाला। आरोपी ने आते ही राकेश चौधरी के सिर व कान के ऊपरी हिस्से पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जांच में जुटी पुलिस: घटना के समय मौके पर मौजूद कंपनी के स्टोर कीपर आशीष प्रजापत व प्रोजेक्ट मैनेजर ने घायल ठेकेदार को तुरंत उपचार के लिए केकड़ी स्थित राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनके सिर में टांके लगाकर प्राथमिक उपचार किया गया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार करने व मेडिकल मुआयना करवाने की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

