Homeचिकित्सासात दिवसीय पंचकर्म व कील निवारण शिविर 14 जुलाई से, निःशुल्क मिलेगा...

सात दिवसीय पंचकर्म व कील निवारण शिविर 14 जुलाई से, निःशुल्क मिलेगा आयुर्वेदिक उपचार

केकड़ी, 08 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व हिन्दू परिषद चित्तौड़ प्रांत, बजरंग दल व आयुर्वेद विभाग राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 14 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक सात दिवसीय पंचकर्म व कील (कॉर्न) निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय अजमेरी गेट पर आयोजित होगा। जहां आमजन को अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क आयुर्वेदिक उपचार व परामर्श प्रदान किया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद के नगर मंत्री मुकेश शर्मा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को बिना किसी आर्थिक बोझ के गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक चिकित्सा उपलब्ध कराना व पंचकर्म चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

इन रोगों का होगा उपचार: शिविर में मुख्य रूप से शल्य विशेषज्ञों द्वारा पैरों में होने वाले कील (कॉर्न), आंटण व अन्य शल्य रोगों का अग्निकर्म विधि से सटीक उपचार किया जाएगा। वहीं गठिया (वात रोग), कमर दर्द, गर्दन दर्द, माइग्रेन, लकवा, पक्षाघात व विभिन्न प्रकार के पुराने और जटिल दर्दों का उपचार पंचकर्म विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। शिविर के दौरान मरीजों को परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

तैयारियों को लेकर हुई बैठक: शिविर को लेकर विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल की बैठक गीता मार्ग स्थित गीता भवन में आयोजित हुई। बैठक में शिविर की तैयारियों व प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा अधिकाधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में अजयमेरु जिला उपाध्यक्ष हीराचंद खूंटेटा, चांदमल जैन, काशीराम विजय, रामअवतार चौधरी, राजेंद्र फतेपुरिया, मुकेश शर्मा, दिनेश वैष्णव, ओमप्रकाश सोनी व संजय कुमावत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति लंबे समय से दर्द, वात रोग अथवा कील (कॉर्न) जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं, वे इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य में सुधार लाएं।

RELATED ARTICLES