Homeविधिक सेवाबढ़ते सामाजिक अपराधों पर चिंता: प्रधानमंत्री से राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कार्ययोजना...

बढ़ते सामाजिक अपराधों पर चिंता: प्रधानमंत्री से राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनाने की अपील, वकीलों ने सौंपा ज्ञापन

केकड़ी, 10 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): देश में लगातार बढ़ रही अमानवीय व हृदयविदारक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता मंच व बार एसोसिएशन केकड़ी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम उपखण्ड अधिकारी को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि समाज में पारिवारिक रिश्तों व सामाजिक चेतना का निरंतर क्षरण हो रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि किसी भी अपराध के बाद कानून अपना काम करता है और दोषियों को दंड भी मिलता है, लेकिन केवल दंडात्मक व्यवस्था से अपराधों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा सकती। इसके लिए अपराध घटित होने से पहले ही उन्हें रोकने की एक मजबूत व प्रभावी व्यवस्था विकसित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

संस्कारों से ही बनेगा भारत विश्वगुरु: अधिवक्ता मंच के प्रदेश सचिव मनोज आहूजा ने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने का मार्ग केवल आर्थिक व तकनीकी प्रगति से तय नहीं हो सकता, बल्कि इसके लिए नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों व मानवीय संवेदनाओं का संरक्षण अनिवार्य है। हाल ही में धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से जुड़े कुछ व्यक्तियों के अनैतिक आचरण के मामलों पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच व कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि समाज का विश्वास न डगमगाए। साथ ही, किसी एक व्यक्ति के कृत्य के आधार पर पूरे वर्ग को गलत नहीं ठहराया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री से मांग की गई कि बढ़ते सामाजिक अपराधों व नैतिक पतन को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक व दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए।

प्रभावी अभियान चलाने की मांग: ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि स्कूलों, कॉलेजों, परिवारों व सामाजिक-धार्मिक संगठनों के माध्यम से नैतिक शिक्षा, संवैधानिक कर्तव्यों, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, नशामुक्ति व सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रभावी अभियान चलाए जाएं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन व जनप्रतिनिधित्व में भी सेवा, ईमानदारी व नैतिकता वाले चरित्रवान व्यक्तियों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। इस मौके पर अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता मंच के प्रदेश सचिव मनोज आहूजा एडवोकेट, बार अध्यक्ष सीताराम कुमावत, एडवोकेट भूपेंद्र सिंह राठौड़, अब्दुल सलीम गौरी, रामअवतार मीणा, धर्मेंद्रसिंह राठौड़, भैरूसिंह राठौड़, मनोज चौधरी व अभिनव जोशी सहित कई अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES