Homeराजनीतिमुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियां तेज: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने जांची व्यवस्थाएं,...

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियां तेज: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने जांची व्यवस्थाएं, जिला कलक्टर व एसपी ने लिया हेलीपैड व सभास्थल का जायजा

केकड़ी, 10 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का शनिवार को केकड़ी आगमन प्रस्तावित है। अपने इस दौरे के दौरान वे क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए 1258 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले देवली-केकड़ी-नसीराबाद फोरलेन प्रोजेक्ट के प्रथम फेज का शिलान्यास करेंगे। प्रथम फेज के तहत 575 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कई अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री के इस बड़े कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक व प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

विधायक ने लिया सभास्थल का जायजा: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने गुरुवार शाम को कृषि उपज मंडी परिसर में तैयार किए जा रहे मुख्य सभास्थल का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए व कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आधारभूत परियोजना का शुभारंभ नहीं बल्कि केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, प्रगति एवं समृ​द्ध भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक व स्वर्णिम पहल है। यह अवसर क्षेत्र के विकास की नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला महत्वपूर्ण प​ड़ाव सिद्ध होगा।

केकड़ी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेते जिला कलक्टर लोकबंधु एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला।

उच्चाधिकारियों ने संभाला मोर्चा: मुख्यमंत्री के दौरे की संवेदनशीलता व महत्ता को देखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को जिला कलक्टर लोकबंधु व पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला सहित तमाम आला पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने कृषि उपज मंडी स्थित मुख्य सभास्थल व मुख्यमंत्री के लिए बनाए जा रहे अस्थाई हेलीपैड का बारीकी से अवलोकन किया। जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रेफिक रूट डायवर्जन व बैठक व्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

ये अधिकारी रहे मौजूद: निरीक्षण व व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भण्डारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील, उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, तहसीलदार बंटी राजपूत, नायब तहसीलदार केन्द्र प्रसाद शर्मा, केकड़ी शहर थानाधिकारी अनिल शर्मा, केकड़ी सदर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी आदि मौजूद रहे। इनके साथ ही कई अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी व्यवस्थाएं संभालते नजर आए।

RELATED ARTICLES