Homeसामाजिकस्थापना दिवस पर सेवा व संस्कारों का संगम: जल कुटीर का पुनः...

स्थापना दिवस पर सेवा व संस्कारों का संगम: जल कुटीर का पुनः संचालन व गौसेवा सहित कई रचनात्मक कार्य संपन्न

केकड़ी, 10 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी द्वारा परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सेवा, संस्कार व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले आयोजनों में जनसेवा, गौसेवा व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कई रचनात्मक कार्य किए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत अजमेरी गेट स्थित पुराने राजकीय अस्पताल परिसर में स्वर्गीय शशिकला द्विवेदी की पुण्य स्मृति में उनके पति शांति वल्लभ द्विवेदी द्वारा जनसेवा के उद्देश्य से जल कुटीर का जीर्णोद्धार कर पुनः संचालन किया गया। भीषण गर्मी के मौसम में यह जल कुटीर मरीजों, उनके परिजनों व आमजन के लिए शीतल पेयजल उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती व स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण, तिलक व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों चंद्रप्रभा जैन, शांति वल्लभ द्विवेदी व होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजेश मीणा का तिलक लगाकर व उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

सेवा व समर्पण के मूल मंत्र पर बढ़े आगे: इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारत विकास परिषद अपनी स्थापना से ही “संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण” के मूल मंत्र को लेकर समाजहित में निरंतर कार्य कर रही है। परिषद द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, संस्कार व सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों व सदस्यों ने समाजसेवा के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया तथा अधिकाधिक लोगों से सेवा कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

गौसेवा व मूक पशु-पक्षियों के लिए रखवाई पानी की खेलियां: स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सुबह बढ़ते कदम गौशाला, कादेड़ा रोड में गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां गौमाताओं को हरा चारा खिलाकर सेवा की गई। साथ ही गर्मी के मौसम में मूक पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर सीमेंट की पानी की खेलियां भी रखवाई गईं, ताकि पशुओं को सहज रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इन सेवा गतिविधियों ने समाज में सेवा, संवेदनशीलता व सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी संदेश दिया।

केकड़ी: जल कुटीर का उद्घाटन करते अतिथिगण।

ये रहे मौजूद: इस अवसर पर गोपाललाल वर्मा, प्रांतीय कार्यकारणी सदस्य सर्वेश विजय, कैलाशचंद्र जैन, शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह, सचिव रामनिवास जैन, कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया, वरिष्ठ सदस्य महावीर प्रसाद पारीक, रामधन प्रजापत, निहालचंद मेडतवाल, सेवा प्रकल्प प्रमुख नंदलाल गर्ग, बृजलाल शर्मा, गोपाल सोनी, राधेश्याम दाधीच, जगदीशलाल विजय, चिरंजीलाल सोनी, ऋषि मेहता, मुकेश शर्मा, प्रकाश जोशी, प्रवीण नागोरिया व महावीर विजयवर्गीय सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES