Homeसमाज"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत हुआ पौधरोपण, बुजुर्ग माता-पिता...

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हुआ पौधरोपण, बुजुर्ग माता-पिता की तरह पौधों की देखभाल करने का आह्वान

केकड़ी, 12 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अखिल भारतीय विजयवर्गीय वैश्य महासभा के आह्वान पर गत तीन वर्षों से जुलाई माह के द्वितीय रविवार को आयोजित किए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत इस वर्ष भी अजमेर रोड स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में औषधीय एवं छायादार वृक्षों का रोपण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय सभा के संरक्षक काशीराम विजय ने कहा कि जिस प्रकार हम अपने वृद्ध माता-पिता की सेवा करते हैं, उसी समर्पण भाव से पेड़-पौधों की भी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षों की सुरक्षा और सेवा से ही पर्यावरण संतुलित एवं सुरक्षित रह सकता है। स्थानीय सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सेड़ाणी ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य ने की सराहना: विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरीशरण शर्मा ने विजयवर्गीय समाज द्वारा संचालित इस सराहनीय अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय परिसर ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का सदैव स्वागत करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्थानीय सभा के अध्यक्ष राजेन्द्र नायकवाल (सरसड़ी) ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा राकेश पाटोदिया एवं दीपक नारायणीवाल का विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के अनेक महिला पुरूष मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के संवर्धन एवं मातृ सम्मान के संकल्प के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES