केकड़ी, 12 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शनिवार को नसीराबाद-देवली वाया केकड़ी फोरलेन सड़क परियोजना के प्रथम चरण का शिलान्यास किए जाने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 1268 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली लगभग 100 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को क्षेत्र के विकास की नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। रविवार को विधायक शत्रुघ्न गौतम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया व अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता के साथ तय समय में कार्य पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में अजमेर रोड स्थित कनकावती सर्किल से ब्यावर रोड, कादेड़ा रोड, कोहड़ा, पारा, गुलगांव, सावर व नापाखेड़ा होते हुए देवली तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा फोरलेन: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि यह मार्ग देवली में जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा, जिससे क्षेत्र की प्रदेश के प्रमुख शहरों से सीधी व बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी। विधायक ने बताया कि प्रथम चरण के लिए 575 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 445 करोड़ रुपए सिविल निर्माण तथा 130 करोड़ रुपए यूटिलिटी शिफ्टिंग पर खर्च होंगे। दूसरे चरण में केकड़ी से नसीराबाद तक फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है व इसके टेंडर जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक व सामाजिक विकास की आधारशिला साबित होगी। इससे कृषि उपज के परिवहन को गति मिलेगी, ग्रेनाइट व मार्बल उद्योग को बेहतर संपर्क मिलेगा तथा आमजन की आवाजाही अधिक सुगम बनेगी।

प्रमुख शहरों से मजबूत होगा संपर्क: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने इसे क्षेत्र की ‘लाइफलाइन‘ बताते हुए कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद नसीराबाद, केकड़ी व देवली के बीच आवागमन आसान होगा तथा अजमेर, जयपुर, कोटा व बूंदी सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों से संपर्क और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतार रही है, जिसका प्रमाण है कि शिलान्यास के साथ ही निर्माण कार्य शुरू हो गया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग लगातार यह कहते रहे कि यह सड़क कभी नहीं बनेगी, लेकिन आज शुरू हुआ निर्माण कार्य उन सभी दावों का जवाब है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार इस ऐतिहासिक परियोजना का शिलान्यास भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ है, उसी प्रकार इसका उद्घाटन भी इसी सरकार के कार्यकाल में होगा।


