केकड़ी, 15 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत सरकार व राजस्थान सरकार द्वारा संचालित “टीबी मुक्त भारत अभियान – 100 डेज़ कैंपेन” के अंतर्गत यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होमियोपैथी में बुधवार को टीबी जागरूकता रील प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लेकर क्षय रोग (टीबी) के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रेरणादायक व रचनात्मक रीलों का निर्माण व प्रस्तुतीकरण किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में महाविद्यालय के प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह तथा ऑर्गेनॉन ऑफ मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक भारद्वाज शामिल रहे।

इन्होंने संभाली कार्यक्रम की कमान: कार्यक्रम का संचालन शिविर चिकित्सा प्रभारी व प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुल चाहर, सामुदायिक चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुश्री नागर, प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग की सहायक आचार्य डॉ. साक्षी शर्मा व सामुदायिक चिकित्सा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. लक्की चौहान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इन सभी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने टीबी जागरूकता पर आधारित रचनात्मक व संदेशपरक रीलों का निर्माण किया।

प्रतियोगिता के परिणाम: प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अलग-अलग ग्रुप में अपनी प्रतिभा दिखाई, जिसमें ग्रुप संख्या–5 (अमन शर्मा, आकाश शर्मा व कृष्णा जाट) ने प्रथम एवं ग्रुप संख्या–3 (गवाक्षी गौर, प्रिया राज, ईशा गहलोत, हर्षिता मीणा व मुस्कान कुमावत) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता व उपविजेता टीमों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. पुनीत आर शाह ने प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग व सामुदायिक चिकित्सा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई जागरूकता रीलों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक प्रयास समाज में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होंगे।

