केकड़ी, 15 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): महिला पतंजलि योग समिति की अजमेर जिला प्रभारी सरोज मालू बुधवार को एक दिवसीय प्रवास पर केकड़ी पहुंची। इस दौरान उन्होंने महिला पतंजलि योग समिति की बैठक लेकर संगठन विस्तार, योग प्रचार-प्रसार व आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए मालू ने कहा कि योग ऋषि स्वामी रामदेव ने न केवल भारत, बल्कि संपूर्ण विश्व में भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर योग को नई पहचान दिलाई है। उनके अथक प्रयासों से आज योग जन-जन तक पहुंच चुका है व विश्वभर में करोड़ों लोग स्वस्थ व संतुलित जीवन के लिए योग को अपना रहे हैं। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित व संस्कारित जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है।

सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान: उन्होंने कहा कि महिला पतंजलि योग समिति की मुख्य केंद्रीय प्रभारी साध्वी देवप्रिया के सशक्त नेतृत्व व राजस्थान पूर्व की राज्य प्रभारी सरिता गुर्जर के निर्देशन में समिति योग को जन-जन तक पहुंचाने व महिला शक्ति को संगठित करने का कार्य निरंतर कर रही है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आगामी सितंबर माह में चौमू में साध्वी देवप्रिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने व संगठन को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को दिए प्रमाण पत्र: बैठक के प्रारंभ में मुख्य अतिथि का पतंजलि योग पीठ का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत व सम्मान किया गया। इसके पश्चात उन्होंने मुख्य योग शिक्षक व सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को पतंजलि योग पीठ की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। बैठक में महिला पतंजलि योग समिति की तहसील प्रभारी रेखा रिंकू विजय, रक्षा विजय, अनिता राठी, सुनीता सोनी, सीमा आछेरा, कैलाश कंवर जैथलिया, प्रियंका शर्मा, शीतल विजय, सीमा व्यास, संतोष विजय व सीमा सोनी सहित अन्य महिला कार्यकर्ता उपस्थित रही।


