केकड़ी, 16 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के सहयोग से चल रहे निःशुल्क पंचकर्म व क्षारसूत्र चिकित्सा शिविर में तीसरे दिन गुरुवार को विभिन्न रोगों से पीड़ित 116 मरीजों ने आयुर्वेदिक उपचार व पंचकर्म चिकित्सा का लाभ प्राप्त किया। शिविर के दौरान पंचकर्म विभाग में रोगियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्नेहन, स्वेदन, जानुबस्ती, कटिबस्ती, ग्रीवाबस्ती, पृष्ठबस्ती, मात्राबस्ती व कपिंग थेरेपी सहित विभिन्न उपचार प्रदान किए गए। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुर्वेदिक परामर्श व औषधियां भी उपलब्ध कराईं।

प्राचार्य ने किया औचक निरीक्षण: शल्य विभाग में कील-मुंहासे व अन्य शल्य रोगों से पीड़ित मरीजों का क्षारसूत्र व अग्निकर्म जैसी आयुर्वेदिक विधियों से सफल उपचार किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू ने शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों द्वारा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण उपचार व जनसेवा पर विशेष जोर दिया। शिविर प्रभारी डॉ. अजय फुलवारिया व उपाधीक्षक डॉ. रंजना जैन ने भी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चिकित्सा दल ने दी सेवाएं: शिविर में डॉ. रंजना जैन, डॉ. धर्मचंद नापित, डॉ. अजय फुलवारिया, डॉ. कमलेश कुमार गुर्जर, डॉ. अनित कुमार, डॉ. चम्पालाल सोलंकी, डॉ. जगदीश प्रसाद, डॉ. शिवराम जाट व डॉ. लोकेश धाकड़ सहित चिकित्सा दल ने सेवाएं प्रदान कीं। नर्सिंग अधीक्षक मनमोहन आछेरा, कम्पाउण्डर राजकुमार लौहार तथा नर्स सीमा सेन, मनोज कुमार टेलर व मुकेश नागर ने भी उपचार व व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यकर्ताओं ने दी सेवाएं: शिविर को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष हीराचंद खूंटेटा, जिला सत्संग प्रमुख काशीराम विजय, जिला गौरक्षा प्रमुख रामावतार चौधरी, नगर मंत्री मुकेश शर्मा एडवोकेट, सह मंत्री राजेंद्र फतेहपुरिया, ओमप्रकाश सोनी, बल प्रमुख शैतान तारावत, सीटू साहू, मदन चौधरी, ज्ञानदेव शर्मा, हनुमान सोनी व संजय कुमावत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

