केकड़ी, 17 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर थाने में शुक्रवार को पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक व सीएलजी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने की। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, शहर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी व सदर थानाधिकारी मुकेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी मंचासीन रहे। बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं, यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने शहर के मुख्य बाजारों व मार्गों पर दिनोंदिन बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की तथा थड़ी चालकों के अनियोजित खड़े होने से लगने वाले जाम से निजात पाने व यातायात को सुचारू बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।

इन मुद्दों पर हुआ मंथन: बैठक में बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण को हटाने की मांग उठी। साथ ही शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को सुधारने व नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। मानसून के मद्देनजर शहर में जलभराव की समस्या पर गंभीर मंथन हुआ। बंद पड़े नालों की सफाई व बरसाती पानी के त्वरित निकास के लिए पुख्ता प्रबंध करने की आवश्यकता जताई गई ताकि आमजन को परेशानी न हो। शहर में अमन-चैन कायम रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने व असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के संबंध में सीएलजी सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने सभी व्यवस्थाओं पर बारीकी से मंथन करते हुए सीएलजी सदस्यों को आश्वस्त किया कि नगर पालिका व संबंधित विभागों के समन्वय से इन सभी समस्याओं का जल्द से जल्द धरातल पर समाधान कराया जाएगा।

अधिकारियों ने किया नाले का निरीक्षण: बैठक के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने थाना परिसर के पीछे से निकल रहे मुख्य नाले का मौके पर जाकर अवलोकन किया। अधिकारियों ने नाले की स्थिति को देखा व मौके से ही नगर पालिका के अधिकारियों को साफ-सफाई तथा पानी के सुचारू बहाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में मोहम्मद सईद नकवी, यशवंत बेली, गोपीचंद चौधरी, रामप्रसाद शर्मा, मनोज कुमावत, विनय पांड्या, हीराचंद खूंटेटा, महेश बोयत, सलीम मेवाती, विनोद विजय, दशरथ जाट, दीपक मित्तल, धनराज कच्छावा, धनराज चौधरी, दीपक टहलानी, सार्थक सागरिया व अक्षत सोनी सहित बड़ी संख्या में पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक व सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।


