केकड़ी, 17 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता ‘ढाई आखर‘ में क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन हुआ है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से सेवानिवृत्त प्राध्यापक व जाने-माने समाजसेवी महावीर प्रसाद जांगिड़ (72) ने राष्ट्रीय स्तर पर लिफाफा श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। गौरतलब है कि महावीर प्रसाद जांगिड़ ने इस प्रतियोगिता में अपने पिता को रोल मॉडल बताते हुए पत्र लेखन किया था। इससे पूर्व अप्रैल माह में राज्य स्तर पर आयोजित इसी प्रतियोगिता में भी उन्होंने प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर अपनी लेखन प्रतिभा का लोहा मनवाया था।

चेक व सर्टिफिकेट देकर किया सम्मानित: इस गौरवमयी उपलब्धि पर डाक विभाग ब्यावर मंडल के अधीक्षक कमलेश प्रजापत व निरीक्षक डाकघर केकड़ी विनोद सुजेडिया ने महावीर प्रसाद जांगिड़ को राष्ट्रीय स्तर का सम्मान पत्र (सर्टिफिकेट) व 25,000 रुपए की पुरस्कार राशि का चेक भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद जांगिड़ ने डाक विभाग के सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि बदलते डिजिटल दौर में भी पारंपरिक पत्र लेखन की कला को जीवित रखने व इसे बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर ‘ढाई आखर‘ पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश भर से लाखों लोग हिस्सा लेते हैं।


