केकड़ी, 30 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): निकटवर्ती बघेरा में काबरिया मार्ग स्थित बीजासण माता मंदिर के पास पानी के कुंड में एक महिला का शव तैरता मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुंड में एक महिला का शव पानी की सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया, जबकि उसके कपड़े कुंड के बाहर पड़े मिले। ग्रामीणों ने तुरंत शहर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस: सूचना मिलते ही एएसआई घनश्याम खन्ना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुंड से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर केकड़ी स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। शुक्रवार सुबह आवश्यक कानूनी प्रक्रिया व पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

सलारी की मूल निवासी थी मृतका: पुलिस जांच के दौरान मृतका की पहचान रोशनी (35) पत्नी रतिराम गुर्जर के रूप में हुई। मृतका मूल रूप से सलारी गांव की रहने वाली थी तथा पिछले काफी समय से अपने पति के साथ बघेरा कॉलोनी में निवास कर रही थी। प्रथम दृष्टया मामला नहाने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा माना जा रहा है। परिजनों के अनुसार मृतका की मानसिक स्थिति भी कुछ समय से ठीक नहीं थी।


