केकड़ी, 01 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अपराध नियंत्रण व सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भिनाय थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक युवक को अवैध हथियार (देशी पिस्टल मय मैगजीन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गश्त व जरायम कंट्रोल के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति चैक्स की शर्ट व सिर पर कैप पहनकर बस स्टैंड के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा है व किसी का इंतजार कर रहा है, जिसके पास अवैध हथियार होने की पूरी संभावना है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संबंधित स्थान की घेराबंदी की व संदिग्ध युवक को धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल व मैगजीन बरामद की गई।

केस दर्ज, पूछताछ जारी: गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकंदर खान (30) पुत्र कमरूद्दीन खान निवासी बगराई गुढाखुर्द थाना भिनाय जिला अजमेर के रूप में हुई है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एएसआई गणपतराय, हैड कांस्टेबल नवल सिंह (विशेष योगदान), कांस्टेबल ओमसिंह, सुरेश कुमार व अजय कुमार ने अहम भूमिका निभाई है। पुलिस फिलहाल आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त व अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।


