Homeराजनीतिकेकड़ी रोडवेज डिपो को मिली 13 नई बसों की सौगात, विधायक शत्रुघ्न...

केकड़ी रोडवेज डिपो को मिली 13 नई बसों की सौगात, विधायक शत्रुघ्न गौतम कल दिखाएंगे हरी झंडी

केकड़ी, 31 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ व सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। केकड़ी रोडवेज डिपो के बेड़े में 13 नई नई बसें शामिल की गई हैं। इन नई बसों का शुभारंभ शनिवार 1 अगस्त को अजमेर रोड स्थित राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम कार्यालय परिसर में प्रातः 11 बजे आयोजित समारोह में विधायक शत्रुघ्न गौतम हरी झंडी दिखाकर करेंगे। केकड़ी डिपो के मुख्य प्रबंधक (चीफ मैनेजर) हेमराज मीणा ने बताया कि विधायक शत्रुघ्न गौतम की अनुशंसा पर निगम प्रशासन द्वारा 13 नई बसें आवंटित की गई हैं। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम केकड़ी आगार द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 1 अगस्त 2026 से इन नई बस सेवाओं का नियमित संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।

प्रतीकात्मक फोटो

इन मार्गों के यात्रियों को होगा फायदा: इसके तहत केकड़ीअजमेर, केकड़ीकोटा, केकड़ीभीलवाड़ा, केकड़ीब्यावर व केकड़ीदेवली सहित विभिन्न प्रमुख एवं ग्रामीण मार्गों पर बसें दौड़ेंगी। निगम द्वारा इन सभी मार्गों के लिए समय-सारिणी (टाइम टेबल) व ठहराव भी निर्धारित कर दिए गए हैं। चीफ मैनेजर हेमराज मीणा ने बताया कि नई बसों के बेड़े में जुड़ने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक व समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं लंबे समय से लंबित ग्रामीण मार्गों पर रोडवेज सेवा शुरू होने से ग्रामीण अंचल के लोगों को आवागमन में सीधी राहत मिलेगी।

आमजन को बेहतर परिवहन सुविधा देना प्राथमिकता: इस अवसर पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को सुलभ व विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। केकड़ी डिपो में 13 नई बसों के शामिल होने से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों व ग्रामीण जनों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी केकड़ी डिपो को और अधिक साधन-संपन्न बनाने व अन्य आवश्यक नए मार्गों पर बस सेवाएं शुरू कराने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

RELATED ARTICLES