केकड़ी, 01 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ व सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केकड़ी रोडवेज डिपो के बेड़े में 13 नई बसें शामिल की गई हैं। अजमेर रोड स्थित राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर इन नई बसों को गंतव्य के लिए रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत में डिपो के मुख्य प्रबंधक (चीफ मैनेजर) हेमराज मीणा, बुकिंग प्रभारी ईश्वर सिंह सहित निगम के अन्य कर्मचारियों व अधिकारियों ने विधायक शत्रुघ्न गौतम का माल्यार्पण व साफा बंधवाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

राज्य सरकार का जताया आभार: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने इस सौगात के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास व आमजन को उच्च स्तरीय जनसुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लंबे समय से डिपो में नई बसों की महती आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान विकास के हर काम में केवल राजनीति की और क्षेत्र की उपेक्षा की, जिसके कारण जनहित की योजनाएं व परिवहन सेवाएं ठप्प पड़ी रहीं। कांग्रेस सरकार की इस उपेक्षा का खामियाजा क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ा है।

जनसेवा की नीति पर कार्य कर रही है सरकार: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही हमने विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता दोहराई। आज 13 नई बसों के शामिल होने से जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। यह तो केवल शुरुआत है; आने वाले समय में डिपो को और अधिक साधन-संपन्न बनाया जाएगा तथा जिन ग्रामीण व दूर-दराज के क्षेत्रों में अभी बस सेवा नहीं पहुंच पाई है, वहां भी जल्द ही नई समय-सारिणी तय कर बसें चलवाई जाएंगी। हमारी सरकार राजनीति से ऊपर उठकर केवल विकास और जनसेवा की नीति पर काम कर रही है। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, डिपो के कर्मचारी व अधिकारी एवं चालक–परिचालक मौजूद रहे।

रघु शर्मा पर किए तीखे कटाक्ष: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केकड़ी किसी के बाप की जागीर नहीं है, जो मुख्यमंत्री को यहां आने से रोक सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में एक बार भी मुख्यमंत्री केकड़ी नहीं आए, जबकि भाजपा सरकार के ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पांच बार केकड़ी आ चुके हैं और करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास की अविरल गंगा बहाने वाली सरकार है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि वह पहले यह तय कर लें कि चुनाव धृतराष्ट्र लड़ेंगे या दुर्योधन। भाजपा कार्यकर्ताओं की सरकार है तथा कार्यकर्ताओं को ही संगठन व सरकार में जिम्मेदारियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं का इलाज करने की बात करने वाले पहले अपना इलाज करा लें। जनता उनका पांच बार इलाज कर चुकी है, फिर भी वे संभल नहीं रहे।

यात्रियों को मिलेगी सुरक्षित व आरामदायक यात्रा: रोडवेज डिपो के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा ने बताया कि विधायक शत्रुघ्न गौतम की अनुसंशा पर निगम प्रशासन द्वारा आवंटित 13 नई बसों का नियमित संचालन समय-सारिणी व निर्धारित ठहराव के अनुसार शुरू कर दिया गया है। नई बसों के जुड़ने से अब यात्रियों को समयबद्ध, सुरक्षित व आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि 13 नई बसें केकड़ी–अजमेर, केकड़ी–कोटा, केकड़ी–भीलवाड़ा, केकड़ी–ब्यावर व केकड़ी–देवली सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों को जोड़ेगी। लंबे समय से लंबित मार्गों पर रोडवेज सेवा शुरू होने पर ग्रामीणों ने विधायक शत्रुघ्न गौतम का आभार जताते हुए हर्ष व्यक्त किया है।

