केकड़ी, 01 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राज्य सरकार के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने व उन्हें कानून तथा सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरवाड़ के छात्र-छात्राओं को सरवाड़ पुलिस थाने का विजिट करवाया गया। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाने के विभिन्न अनुभागों (डेस्क) का अवलोकन कराया गया। थानाधिकारी रामपाल शर्मा व पुलिस कर्मियों ने बच्चों को हेड मुहर्रिर (HM) कार्यालय व स्वागत कक्ष का अवलोकन करवाते हुए जनसुनवाई व शिकायतों के पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई। इसी के साथ अनुसंधान व कंप्यूटर कक्ष का दौरा कर मामलों की जांच (इन्वेस्टिगेशन) व डिजिटल रिकॉर्ड संधारण की कार्यप्रणाली बताई।

कार्यप्रणाली से कराया अवगत: थानाधिकारी रामपाल शर्मा नेमालखाना में रखे जब्त सामान के रखरखाव एवं हवालात में रहने वाले बंदियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी। वहीं महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण व सहायता तंत्र के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के प्रावधानों, महिला सुरक्षा नियमों व स्कूलों में स्थापित ‘गरिमा पेटी‘ की उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी डर के पुलिस या शिक्षकों को सूचित करें।

