केकड़ी, 01 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित ‘सन्मति सुंदर वर्षा योग 2026‘ का मंगल कलश स्थापना समारोह धार्मिक अनुष्ठानों व अपार भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। गौशाला परिसर में आयोजित धर्मसभा में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आर्यिका सुरम्मयमति माताजी ने कहा कि धन तो संसार में बहुत से लोगों के पास होता है, परंतु जिसका धन धर्म व समाज सेवा के कार्यों में लगे, वही वास्तव में पुण्यशाली होता है। ईश्वर द्वारा दिए गए वैभव व सामर्थ्य का उपयोग धार्मिक व परमार्थिक कार्यों में ही करना चाहिए। मानव जीवन अनमोल है और भौतिक संपदा नश्वर है, इसलिए लक्ष्मी का सही सदुपयोग केवल धर्म प्रभावना व जीव दया के कार्यों से ही संभव है। जो व्यक्ति निस्वार्थ भाव से अपनी कमाई का कुछ अंश सत्कार्यों में समर्पित करता है, वह न केवल इस लोक में यश प्राप्त करता है बल्कि अपने जन्मांतर के पुण्य का भी संचय करता है।

विधि-विधान से हुआ झंडारोहण: कलश स्थापना से पहले बोहरा कॉलोनी स्थित नेमिनाथ मंदिर में भोपाल से पधारे पंडित आशीष भैया एवं कनक दीदी के निर्देशन में विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं। तत्पश्चात मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण (झंडारोहण) किया गया। ध्वजारोहण का पुण्यार्जन भागचंद, ज्ञानचंद, जैन कुमार, विनय कुमार, वर्धमान, सोनू व मोनू भगत परिवार को प्राप्त हुआ। मंगल कलश स्थापना कार्यक्रम की शुरुआत शांतिनाथ बहु मंडल की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य नाटिका एवं मंगलाचरण से हुई। आचार्यों के चित्रों का अनावरण दिगंबर जैन मंदिरों के आठों अध्यक्षों द्वारा किया गया, जबकि दीप प्रज्ज्वलन जयपुर के अनिल कासलीवाल ने किया।

अर्घ्य समर्पण: मीडिया प्रभारी पारस जैन व रमेश बंसल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विशुद्धवर्धनी महिला मंडल, विशुद्ध जय घोष, राजुल महिला मंडल, शांतिनाथ बहु मंडल, नेमिनाथ बालिका मंडल, तीर्थ वंदना संघ, गुरु आस्था परिवार, शुभकामना परिवार, जैन अग्रवाल युवा परिषद, स्वस्ति बालिका मंडल, त्रिशला महिला मंडल, आदिनाथ बहु मंडल, वामा महिला मंडल, दिगंबर जैन महिला मंडल एवं महासमिति सहित बाहर से पधारे श्रद्धालुओं ने आचार्य सुंदर सागर की पूजा-अर्चना कर अर्घ्य समर्पित किए।

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने लिया माताजी का आशीर्वाद: कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने शिरकत कर आर्यिका सुरम्मयमति माताजी के दर्शन किए व आशीर्वाद प्राप्त किया। समाज के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण व साफा पहनाकर विधायक का स्वागत-सत्कार किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि सकल जैन समाज व पूज्य जैन साधु साध्वियों के आशीर्वाद का ही प्रतिफल है कि मुझे जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। जैन धर्म के संस्कार व अहिंसा का संदेश समाज को सही दिशा दिखाने का काम करता है। कार्यक्रम के अंत में पूज्य माताजी के पाद प्रक्षालन व संगीतमय महाआरती के साथ समारोह का समापन हुआ।

इन परिवारों को मिला कलश स्थापना का सौभाग्य: समारोह के दौरान बोली व धार्मिक विधि-विधान के साथ मंगल कलशों की स्थापना की गई। प्रथम मुख्य नेमिनाथ कलश का लाभ विमल कुमार, राजेंद्र कुमार, रमेश चंद (मेहरू कलां), द्वितीय आदिसागर कलश का लाभ ओम प्रकाश, गोविंद कुमार, राजकुमार (सदारा), तृतीय महावीर कीर्ति कलश का लाभ भागचंद, विजय कुमार (धूंधरी), चतुर्थ विमल सागर कलश का लाभ भागचंद, ज्ञानचंद, जैन कुमार, विनय भगत, पंचम सन्मति सागर कलश का लाभ कैलाश चंद, प्रकाश चंद (मावा), षष्ठम सुंदर सागर कलश का लाभ भागचंद, ज्ञानचंद, सुनील कुमार (जैन ज्वैलर्स), सुरम्मय कलश का लाभ शांतिलाल, पारस कुमार, विनोद कुमार, राकेश कुमार (चोरू) एवं सुस्थिर माताजी कलश का लाभ भागचंद, विनय कुमार (सावर परिवार) ने प्राप्त किया।


