Homeक्राइम न्यूजनाकाबंदी में अफीम तस्करी का पर्दाफाश: कार से 2 किलो अफीम जब्त,...

नाकाबंदी में अफीम तस्करी का पर्दाफाश: कार से 2 किलो अफीम जब्त, महिला समेत हरियाणा के 4 तस्कर गिरफ्तार

केकड़ी, 05 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने राज्य में नशे व अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत NH48 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ अफीम की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ऑल्टो कार से 2.076 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त कर एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त व नाकाबंदी पर थी। इस दौरान देवनारायण होटल के पास, सरहद खेड़ी NH48 पर भीलवाड़ा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध ऑल्टो कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। कार की तलाशी में 2.076 किलोग्राम अवैध अफीम पाई गई, जिसे मौके पर कार सहित जब्त कर लिया गया।

इन्हें किया गिरफ्तार: पुलिस ने कार में सवार हर्ष कुमार उर्फ हैप्पी (22) पुत्र राजेश कुमार बैरागी, निवासी भागवी, थाना चरखी दादरी, जिला चरखी दादरी (हरियाणा), प्रवेश (23) पुत्र समुन्द्र जाट, निवासी भागवी, थाना चरखी दादरी, जिला चरखी दादरी (हरियाणा), राजीव कुमार (26) पुत्र छाजूराम जाट, निवासी भागवी, थाना चरखी दादरी, जिला चरखी दादरी (हरियाणा) एवं पूजा देवी (33) पुत्री ओमप्रकाश जाट, निवासी बिरोहड़, थाना साल्हावास, जिला झज्जर (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान शुरू कर दिया है।

इन्होंने की प्रभावी कार्रवाई: इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एएसआई मनोहर सिंह, हेड कांस्टेबल नवल सिंह (विशेष योगदान), हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल गजेंद्र, कांस्टेबल ओमसिंह (विशेष योगदान) व महिला कांस्टेबल प्रियंका ने अहम योगदान दिया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा समाज, परिवार व युवाओं के भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या परिवहन किया जा रहा हो तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES