Homeक्राइम न्यूजचिप बेचने के नाम पर दुकानदार से 1.20 लाख रुपए की ठगी,...

चिप बेचने के नाम पर दुकानदार से 1.20 लाख रुपए की ठगी, दो अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

केकड़ी, 07 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मोबाइल एक्सेसरीज व स्क्रैप बेचने के नाम पर एक दुकानदार को झांसे में लेकर 1 लाख 20 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर दो अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित मुकेश की मोबाइल रिपेयरिंग व स्क्रैप की दुकान है। कुछ दिनों पहले एक अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर आया और उसे कोम्बो व पुराने पार्ट्स के साथ एक चिप दिखाकर झांसा दिया कि इन्हें बेचने पर प्रति पीस 50 से 60 रुपए का मुनाफा होगा।

लच्छेदार बातों से फांसा: शुरुआत में मना करने के बावजूद आरोपी अगले दिन फिर आया और 5 चिप देकर कहा कि यदि न बिकें तो वह पैसे वापस लौटा देगा। अगले ही दिन एक अन्य अज्ञात व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और उसने उन सभी चिपों के साथ-साथ कुछ अन्य सामान भी खरीद लिया। उसने दुकानदार को भरोसा दिलाया कि उसके पास ऐसी जितनी भी चिप हों, वह ले आए, वह सारी चिप खरीद लेगा। इस झांसे में आकर दुकानदार ने पहले व्यक्ति से 1000 चिप का ऑर्डर देकर 1 लाख 20 हजार रुपए नकद दे दिए।

बंद किया फोन: रकम वसूलने के बाद जब दुकानदार ने चिप खरीदने आए दूसरे व्यक्ति को कॉल किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद माल देने वाले पहले व्यक्ति ने भी अपना फोन बंद कर लिया। खुद के साथ हुई इस धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(2) व 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एएसआई नारायण राम के जिम्मे की गई है।

RELATED ARTICLES