Homeक्राइम न्यूजबहन से 19 लाख रुपए लेकर भाई ने दूसरे को बेचा मकान,...

बहन से 19 लाख रुपए लेकर भाई ने दूसरे को बेचा मकान, न्यायालय ने मुकदमा दर्ज कर जांच के दिए आदेश

केकड़ी, 07 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बहन से 19 लाख रुपए लेकर उसी मकान को अन्य व्यक्ति के नाम बेचने के आरोपों से जुड़े मामले में न्यायालय ने पुलिस थाना भिनाय को प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान करने के आदेश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुलाबपुरा निवासी परिवादिया मंजू शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके सगे भाई महेन्द्र शर्मा (निवासी तिवाड़ी भवन, भिनाय) ने आर्थिक आवश्यकता बताकर पहले अपने पैतृक दो मंजिला मकान को 4 लाख रुपए के ऋण के बदले रहन (गिरवी) रखा व मूल दस्तावेज सौंप दिए। बाद में मकान बहन के पक्ष में बेचने का आश्वासन देकर 15 लाख रुपए और ले लिए। इस प्रकार कुल 19 लाख रुपए प्राप्त कर दोनों पक्षों के बीच स्टाम्प पर इकरारनामा निष्पादित किया गया। 

अन्य के नाम पंजीकृत कराया विक्रय विलेख: आरोप है कि इसके बावजूद महेन्द्र शर्मा ने उक्त मकान का पंजीकृत विक्रय विलेख बांदनवाड़ा निवासी अमरनाथ के पक्ष में निष्पादित कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि अमरनाथ को पहले से ही रहननामा व मूल दस्तावेज उसके पास होने की जानकारी थी, फिर भी भंवरलाल के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक यह विक्रय कराया गया। परिवादिया ने अधिवक्ता मनोज आहूजा, भैरू सिंह राठौड़ व रवि शर्मा के माध्यम से एसीजेएम कोर्ट की शरण ली। मामले की सुनवाई के बाद अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2 केकड़ी की न्यायाधीश बीना मीणा ने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर भिनाय थाना पुलिस को प्रकरण में विधि अनुसार एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES