केकड़ी, 09 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान के तहत रविवार को शहर में भव्य तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी का शुभारंभ तहसीलदार सत्यनारायण लोहार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी केंद्र प्रसाद शर्मा, एसबीईओ प्रथम बहादुर सिंह शक्तावत, एसबीईओ द्वितीय रणजीत जाट, शहर भाजपा अध्यक्ष रितेश जैन, शारीरिक शिक्षक गुलाब मेघवंशी व अरविंद चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया। नगर पालिका द्वार से प्रारंभ हुई यह रैली अजमेरी गेट, तीनबत्ती चौराहा, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट और बस स्टैंड से होती हुई पुनः नगर पालिका परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभात फेरी में शहर के विभिन्न राजकीय व निजी विद्यालयों के 550 छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा थामकर उत्साह के साथ भाग लिया।

देशभक्ति के नारों से गुंजायमान रहा मार्ग: यात्रा के दौरान देशप्रेम व देशभक्ति के जयकारों से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के रिसोर्स पर्सन रामनिवास कुमावत ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत इस प्रभात फेरी का आयोजन हुआ है। कार्यक्रम में नगर पालिका कार्मिकों का विशेष सहयोग रहा। रैली के समापन पर नगर पालिका प्रशासन की ओर से प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को फलाहार का वितरण किया गया।


