Homeशिक्षाहरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नाम: सघन वृक्षारोपण अभियान में लगाए 200...

हरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नाम: सघन वृक्षारोपण अभियान में लगाए 200 से अधिक पौधे, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

केकड़ी, 13 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं भारतीय जीवन बीमा निगम के संयुक्त तत्वावधान में हरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नामअभियान के तहत सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 200 से अधिक फलदार, छायादार एवं फूलदार पौधे लगाए गए। महाविद्यालय की चारदीवारी के आसपास फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया, जबकि आंतरिक एवं बाहरी उद्यानों में विभिन्न प्रजातियों के आकर्षक फूलदार पौधे लगाए गए। एनएसएस स्वयंसेवकों ने एक पेड़ मां के नामकी भावना के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। कार्यक्रम एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी सहायक प्रोफेसर डॉ. आनंद पाराशर एवं एलआईसी टीम के निर्देशन में संपन्न हुआ।

पेड़-पौधों का बताया महत्व: इस अवसर पर एलआईसी प्रतिनिधि रवि पंजवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एलआईसी का ध्येय वाक्य जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भीहै, उसी तरह पेड़-पौधे भी हमारे जीवनकाल में और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण एवं मानव जीवन की रक्षा करते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एल. मीणा ने पर्यावरण हितैषी प्रयास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और युवाओं को इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।

उपहार स्वरूप दिया एक-एक पौधा: कार्यक्रम के समापन पर एलआईसी टीम की ओर से उपस्थित विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों एवं प्राचार्य को उपहार स्वरूप एक-एक पौधा भेंट किया गया, ताकि पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल और संरक्षण का संदेश भी घर-घर तक पहुंचे। इस अवसर पर एलआईसी से प्रभारी विवेक नवल, आशीष भादिया, रणजीत सिंह अमोद, रवि पंजवानी, लक्की भवानी, अक्षय गहलोत एवं सोनाक्षी चौहान सहित महाविद्यालय स्टाफ से सहायक प्रोफेसर ज्योति मीणा, डॉ. शहजाद अली, सहायक प्रोफेसर माया पारीक, सहायक प्रोफेसर मनोज कुमार ढाका सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES