Homeराजनीतिपंचायतीराज वार्ड आरक्षण की लॉटरी स्थगित: अब 17-18 सितंबर को होगा आरक्षण...

पंचायतीराज वार्ड आरक्षण की लॉटरी स्थगित: अब 17-18 सितंबर को होगा आरक्षण निर्धारण, 18 अगस्त की प्रक्रिया टली

केकड़ी, 16 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर प्रस्तावित वार्ड आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया को राज्य सरकार ने एक महीने के लिए स्थगित कर दिया है। पहले 17 और 18 अगस्त को होने वाली लॉटरी अब 17 और 18 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं सोमवार को 309 शहरी निकायों के वार्डों की लॉटरी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। पंचायतीराज विभाग के अनुसार पंचायत समिति प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी 17 सितंबर को जिला स्तर पर निकाली जाएगी। इसके बाद 18 सितंबर को सरपंच और वार्ड पंचों के आरक्षण की लॉटरी होगी।

करना होगा एक महीने अतिरिक्त इंतजार: पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत समिति प्रधानों, पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों के वार्डों की लॉटरी 17 अगस्त को होनी थी, जबकि 18 अगस्त को सरपंच एवं वार्ड पंचों के आरक्षण की लॉटरी प्रस्तावित थी। अब पंचायतीराज विभाग ने दोनों प्रक्रियाओं को करीब एक महीने के लिए आगे बढ़ा दिया है। लॉटरी की तारीख आगे बढ़ने से पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों में जुटे संभावित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को अब करीब एक माह अतिरिक्त इंतजार करना होगा। नई तारीखों पर होने वाली लॉटरी के बाद पंचायत समिति, जिला परिषद, सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES