Homeक्राइम न्यूजराष्ट्रीय पक्षी मोरों के शिकार से ग्रामीणों में रोष: रात के अंधेरे...

राष्ट्रीय पक्षी मोरों के शिकार से ग्रामीणों में रोष: रात के अंधेरे में गोलियां चलाकर 3 मोरों को उतारा मौत के घाट, ग्रामीणों को देख मौके से भागे शिकारी

केकड़ी, 19 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नागोला कस्बे के समीपवर्ती ग्राम काला का निमेड़ा में बीती रात शिकारियों ने तीन राष्ट्रीय पक्षी मोरों को बंदूक की गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। खेतों की रखवाली कर रहे ग्रामीणों की सजगता के कारण शिकारी मृत मोरों को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। प्राप्त जानकारी के अनुसार निमेड़ा से काचरिया जाने वाले मार्ग पर बीती रात करीब 11:30 बजे दो महिला व एक पुरुष शिकारी ने बंदूक से फायर कर तीन मोरों की हत्या कर दी। रात में खेत की रखवाली कर रहे आजाद दरोगा ने बताया कि बंदूक के फायर की आवाज सुनकर जब वे दो लोग मौके पर पहुंचे, तो शिकारियों ने मृत मोरों को ज्वार के खेत में फेंक दिया व बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

पुलिस व वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम: घटना की सूचना मिलते ही भिनाय थाना पुलिस व वनपाल निर्मल कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे। पुलिस व वन विभाग की टीम तीनों मृत मोरों के शवों को भिनाय ले गई, जहां उनका पोस्टमार्टम करवाकर शवों को दफनाया गया। वनपाल उपाध्याय ने बताया कि मामला विचाराधीन है व मोरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में आए दिन इस तरह की घटनाएं घटित हो रही हैं और शिकारी नीलगायों का भी लगातार शिकार कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा समय पर सख्त कार्रवाई न किए जाने से शिकारियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने शिकारियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES