केकड़ी, 23 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर निकाय चुनाव की आहट के साथ ही केकड़ी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को अजमेर रोड स्थित आलोक कॉलेज के पास भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए नगर पालिका के सभी 40 वार्डों में जीत दर्ज कर भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों के दौरान केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। कार्यकर्ताओं को सरकार की इन जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों का संदेश लेकर घर-घर तक जाना होगा। विधायक ने आह्वान किया कि सभी 40 वार्डों में भाजपा की जीत का लक्ष्य लेकर कार्यकर्ता आज से ही चुनावी मोड में जुट जाएं।

जमीनी और समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगा अवसर: प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पर बात करते हुए विधायक गौतम ने स्पष्ट किया कि पार्टी में केवल निष्ठावान, सक्रिय और जमीनी कार्यकर्ताओं को ही मौका दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी चयन का फैसला पूरी पारदर्शिता और सर्वसम्मति से होगा। इसके लिए पार्टी की ओर से चुनाव प्रभारी व पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो हर वार्ड में जाकर कार्यकर्ताओं और आमजन से सीधे संवाद कर फीडबैक जुटा रहे हैं। यह सूची हाईकमान को भेजी जाएगी, जहां अंतिम मुहर लगेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गुटबाजी छोड़कर केवल संगठन के हित में काम करने की अपील की।

विपक्षी बयानबाजी पर विधायक का तीखा हमला: सम्मेलन के दौरान विधायक ने विपक्षी नेताओं पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो नेता 2028 में सरकार बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के ‘इलाज‘ की बातें कर रहे हैं, जनता इस निकाय चुनाव में ही उनका राजनीतिक इलाज कर देगी। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को जनता बार-बार नकार चुकी है, वे भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। केकड़ी की जनता इस बार पूरी तरह से कांग्रेस मुक्त बोर्ड बनाकर इतिहास रचेगी।

ये रहे मौजूद: कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, निकाय चुनाव संयोजक सुभाष वर्मा, प्रभारी नरेंद्र रावत, मुख्य वक्ता राजेंद्र रावत और सहप्रभारी हिरेंद्र शर्मा सहित जिला व शहर मंडल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन से पूर्व विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए भाजपा कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न वार्डों से अपनी दावेदारी पेश कर रहे कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों और जुलूस के रूप में पहुंचे, जिससे सम्मेलन स्थल चुनावी रंग में रंगा नजर आया।


