केकड़ी, 23 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी केकड़ी की ओर से पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निकाय चुनाव की रणनीति तैयार करने के साथ-साथ वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर मंथन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि केकड़ी की जनता वर्तमान स्थिति से त्रस्त है। केकड़ी को नगर परिषद से घटाकर पुनः नगर पालिका कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही केकड़ी को वापस जिला बनाया जाएगा और नगर पालिका को पुनः नगर परिषद का दर्जा देकर विकास को रफ्तार दी जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे: निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए पार्टी की ओर से तैयार रणनीति के अनुसार केकड़ी के सभी 40 वार्डों में देहात कांग्रेस के दो-दो अधिकारियों व कार्यकर्ताओं को प्रभारी नियुक्त किया गया है। ये प्रभारी अपने-अपने आवंटित वार्डों में जाकर योग्य व जिताऊ उम्मीदवारों के चयन को लेकर वार्ड वासियों से चर्चा करेंगे और अपनी रिपोर्ट संगठन को सौंपेंगे। इसके बाद टिकटों का आवंटन किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस के कई प्रमुख कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

इन्होंने किया संबोधित: बैठक को ब्लॉक अध्यक्ष समरवीर सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह शक्तावत, सरवाड़ ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, नगर अध्यक्ष एडवोकेट हेमंत जैन, पूर्व अध्यक्ष निर्मल जैन, संगठन महामंत्री रमेश पारीक, प्रवक्ता रतन पंवार, प्रेमचंद मोची, एडवोकेट नवल किशोर पारीक, पूर्व उप प्रधान छोटूराम गुजराल, रोहित सिंह चौहान, संपत देवी झारोटिया व मोहम्मद नकवी सहित कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।


