केकड़ी, 25 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में मंगलवार को “एक पेड़ लोकतंत्र के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोकतंत्र में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी सरवाड़ गजेन्द्र शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार सरवाड़ दिनेश, केकड़ी तहसीलदार एवं स्वीप प्रभारी सत्यनारायण लोहार, जयकांत शर्मा, एस.एन. शर्मा व जितेश सैनी मौजूद रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्थान के सचिव चन्द्र प्रकाश दुबे ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। निर्वाचन साक्षरता क्लब प्रभारी प्रवक्ता रामलाल खटीक के निर्देशन में छात्राध्यापिकाओं ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा पौधों की नियमित देखभाल करने और मतदान के प्रति आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया।

पर्यावरण संरक्षण व लोकतांत्रिक जागरूकता का अनूठा संगम: महाविद्यालय की स्वीप ब्रांड एंबेसेडर कौशल माली व लक्ष्मी बैरवा ने मतदाता जागरूकता गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छात्राध्यापिकाओं ने मतदान के महत्व को दर्शाते हुए आकर्षक पोस्टर व नारे तैयार किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. रामलाल वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। प्रत्येक मतदाता का एक वोट लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण व लोकतांत्रिक जागरूकता को एक साथ जोड़ने वाली ऐसी गतिविधियां युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करती हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

