केकड़ी, 25 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी में रक्षाबंधन के अवसर पर मेहंदी एवं राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह व उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने मेहंदी तथा छात्रों ने राखी बनाओ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेहंदी प्रतियोगिता का अवलोकन भावना दवे एवं ममता कंवर द्वारा किया गया। इसमें डिज़ाइन की रचनात्मकता, बारीकी, साफ-सफाई, रंग व समग्र प्रस्तुति को मूल्यांकन का आधार बनाया गया। वहीं राखी बनाओ प्रतियोगिता का अवलोकन विकास सिंह शक्तावत, राजेंद्र कुमार जांगिड़ एवं अमन पारीक ने किया। इसमें सुंदरता, नवीनता, रंग संयोजन, सामग्री के उचित उपयोग व बारीकी के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। राखी बनाओ प्रतियोगिता में करण दमामी ने प्रथम, रोहित जिनवाल व अजय जाट ने द्वितीय एवं सोनू खटीक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार मेहंदी प्रतियोगिता में माही सिंह ने प्रथम, एलिना ने द्वितीय एवं दीपांजलि राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक महत्व व कर्तव्यों पर दिया जोर: कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनका मुंह मीठा कराया और भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह तथा सुरक्षा का संदेश दिया। प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद शर्मा ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्व के वास्तविक संदेश को आत्मसात करते हुए समाज व राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। डॉ. अविनाश दुबे ने बताया कि रक्षाबंधन की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। उन्होंने श्रीकृष्ण-द्रौपदी तथा राजा बलि व माता लक्ष्मी से जुड़ी पौराणिक कथाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक समय में यह पर्व सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बन गया है। अंत में अतिथियों व संस्था परिवार ने सभी विजेता तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।


