केकड़ी, 25 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सिटी थाना पुलिस ने ब्यावर डीएसपी की फर्जी पहचान पत्र बनाकर टोल टैक्स बचाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जूनियां निवासी घनश्याम आचार्य को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी घनश्याम आचार्य कांग्रेस पार्टी से निवर्तमान पंचायत समिति सदस्य हैं। सिटी थानाधिकारी जगदीश प्रसाद चौधरी ने बताया कि ब्यावर डीएसपी नरेंद्र पारीक ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी आईडी व घड़ी जूनियां रोड पर गणेशजी की बड़ी के पास स्थित एक ढाबे पर पड़ी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ढाबा संचालक से पूछताछ की। ढाबा संचालक ने बताया कि दो दिन पूर्व आए दो ग्राहक अपनी घड़ी व आईडी कार्ड टेबल पर ही भूल गए थे। कार्ड पर दर्ज नंबर के आधार पर संचालक ने ब्यावर डीएसपी को सूचित किया।

पहचान का गलत इस्तेमाल किया: इस पर डीएसपी नरेंद्र पारीक ने तुरंत केकड़ी सिटी थाना पुलिस को मामले की जानकारी देकर बताया कि उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि डीएसपी नरेंद्र पारीक के नाम से फर्जी आईडी कार्ड जूनियां निवासी घनश्याम आचार्य ने तैयार करवाया था। पुलिस ने आरोपी को तलब कर पूछताछ की, तो उसने टोल बचाने के उद्देश्य से फर्जी पुलिस आईडी बनाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सिटी थानाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी, पहचान और गरिमा का गलत इस्तेमाल करने वाले तत्वों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


