केकड़ी, 26 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सदर थाना क्षेत्र के ग्राम उन्दरी में शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक पानी की टंकी पर चढ़कर कूदने की धमकी देने के मामले में मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाइश के बाद नीचे उतारा तथा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार ग्राम उन्दरी निवासी जोधराज (32) पुत्र प्रेमसिंह राजपूत एक चोरी के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था। बताया गया कि थाना केकड़ी सदर में दर्ज प्रकरण में राजू उर्फ राजेश कहार व मगनाराम मीणा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। इसके बावजूद जोधराज शराब के नशे में ग्राम उन्दरी स्थित सार्वजनिक उप स्वास्थ्य केंद्र के पास पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा।

मौके पर पहुंचा पुलिस जाब्ता: घटना की सूचना मिलते ही केकड़ी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी मुकेश गोरा ने पुलिस जाप्ते के साथ युवक को समझाइश दी और काफी प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील (आरपीएस) तथा वृताधिकारी केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता (आरपीएस) के निकटतम सुपरविजन में की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून व्यवस्था एवं शांति भंग करने वाली किसी भी असामाजिक गतिविधि में शामिल न हों तथा किसी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए कानून का सहारा लें।


