केकड़ी, 26 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश के मौके पर जश्ने ईद मिलादुनबी का पर्व धार्मिक उत्साह व आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। जश्ने ईद मिलादुनबी कमेटी के तत्वावधान में मियांजी की बावड़ी से भव्य जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया, जो भट्टा कॉलोनी, जूनिया गेट, सदर बाजार, घंटाघर व खिड़की गेट होते हुए कटला मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में समाज के लोग रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धजकर हाथों में झंडे लेकर शामिल हुए और मोहम्मद साहब की शान में नात-ए-पाक एवं कलाम पेश किए।

हाथ में परचम थाम कर शामिल हुए लोग: जुलूस में रंग-बिरंगे परिधानों में सजे मुस्लिम समाज के लोग हाथों में परचम थामे शामिल हुए। इस दौरान ‘सरकार की आमद मरहबा‘ के नारों व नात-ए-पाक से मार्ग गूंज उठा। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जुलूस का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे मार्ग में कौमी एकता व धार्मिक सद्भाव की अनुपम छटा देखने को मिली। इस दौरान मुस्लिम समाज के युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

इन्होंने की सहभागिता: कार्यक्रम में जश्ने ईद मिलादुनबी कमेटी के सदर एडवोकेट अब्दुल सलीम गोरी, पूर्व सदर हाजी चांद मोहम्मद, अब्दुल रहीम गोरी, हाजी हकीम मंसूरी, आरिफ मंसूरी, मोहम्मद लतीफ देशवाली, उपाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार, मुबारक हुसैन, रज्जाक अब्बासी, मुन्ना सरकार, हाफिज मंसूरी, जलील खान, रेहान नकवी व अनवर बंजारा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।


