केकड़ी, 28 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा हाईवे पर नापाखेड़ा के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। अजमेर से कोटा की ओर जा रहा एक ट्रेलर बनास नदी की पुलिया से पहले असंतुलित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आईं है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल सावर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए यातायात व्यवस्था संभाली।

रक्षाबंधन के चलते पहले से अधिक था यातायात: रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण अजमेर-कोटा हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पहले से ही अधिक थी। ट्रेलर के हाईवे से नीचे खाई में गिरने के बाद राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और सड़क वन-वे हो गई। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया तथा वाहनों को धीरे-धीरे निकालने की व्यवस्था की।

चालक के नियंत्रण खोने की प्रारंभिक जानकारी: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बनास नदी की पुलिया से पहले ट्रेलर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रेलर सड़क से नीचे करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। सावर थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के पीछे चालक द्वारा नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।

