केकड़ी, 28 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन का आंदोलन रक्षाबंधन के पर्व पर भी जारी रहा। शुक्रवार को बार एसोसिएशन के सचिव समकित जैन एवं कोषाध्यक्ष रवि शंकर पंवार के नेतृत्व में अधिवक्ताओं एवं न्यायिक परिवार के सदस्यों ने न्यायालय परिसर स्थित धरना स्थल पर काली पट्टी बांधकर ब्लैक डे मनाया और जिला दर्जा समाप्त किए जाने के निर्णय का विरोध किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि केकड़ी को पुनः जिला बनाए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना स्थल पर आयोजित बैठक में आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर निर्णय लिया गया कि उन प्रत्याशियों का समर्थन किया जाएगा, जो अपने चुनावी एजेंडे में केकड़ी जिला बहाली की स्पष्ट मांग को शामिल करेंगे।

आमजन की सुविधा से जुड़ा मुद्दा: अधिवक्ता पवन सिंह भाटी ने नारा दिया— जो जिले की बात कहेगा, वो ही केकड़ी पर राज करेगा। वहीं अधिवक्ता सूर्यकान्त दाधीच ने चुनाव के दौरान हर वार्ड में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल भेजकर जिला बहाली के मुद्दे पर जनजागरण अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। धरना स्थल पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सलीम गौरी, हेमंत जैन, मनोज आहूजा, राम अवतार मीणा, सीताराम गुप्ता, लक्ष्मी चंद मीणा एवं रवि शंकर पंवार ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि केकड़ी का जिला दर्जा केवल प्रशासनिक पहचान नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास एवं आमजन की सुविधाओं से जुड़ा मुद्दा है।

बालाजी को समर्पित किया ज्ञापन: कार्यक्रम के अंत में न्यायेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित बालाजी महाराज को ज्ञापन सौंपकर केकड़ी को पुनः जिला बनाए जाने की प्रार्थना की गई। अधिवक्ताओं ने आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एडवोकेट निर्मल चौधरी, परवेज नकवी, गजराज सिंह कानावत, आसिफ हुसैन, विष्णु साहू, सुरेंद्र सिंह धन्नावत, जितेन्द्र राजपुरोहित, शिव प्रकाश चौधरी, प्रहलाद वर्मा, रामेश्वर कुमावत, पवन राठी, दिनेश पारीक, रोहिंन्द्र सिंह, नरेन्द्र जैन, लियाकत अली, भावेश जैन, शिव प्रकाश जाट एवं मुंशी सीताराम बैरवा सहित न्यायिक परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।

