Homeराजनीतिकेकड़ी में नामांकन के आखिरी दिन उमड़ा सियासी सैलाब: 132 प्रत्याशियों ने...

केकड़ी में नामांकन के आखिरी दिन उमड़ा सियासी सैलाब: 132 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे, भाजपा-कांग्रेस ने सौंपे अधिकृत प्रत्याशियों के सिंबल

केकड़ी, 31 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन उपखण्ड कार्यालय में दिनभर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही। अंतिम दिन कुल 132 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। ढोल-ढमाकों और समर्थकों के हुजूम के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे प्रत्याशियों के कारण उपखण्ड कार्यालय के बाहर मेले जैसा माहौल नजर आया। नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए अब तक कुल 168 नामांकन दाखिल हो चुके हैं। अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से चुनावी मुकाबले को लेकर तस्वीर और अधिक रोचक हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय दावेदारों ने भी अपनी ताल ठोकी है।

केकड़ी: उपखण्ड अधिकारी को अधिकृत प्रत्याशियों के सिम्बल सौंपते कांग्रेस पदाधिकारी।

अंतिम समय में सौंपे सिंबल: नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सोमवार दोपहर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों के चुनावी सिंबल निर्वाचन अधिकारी के समक्ष जमा करवाए। सबसे पहले ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष हेमंत जैन, पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, एडवोकेट नवल किशोर पारीक, युवा कांग्रेस नेता आशीष जैन सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपखण्ड कार्यालय पहुंचे और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के सिंबल जमा करवाए।

केकड़ी: उपखण्ड अधिकारी को अधिकृत प्रत्याशियों के सिम्बल सौंपते भाजपा पदाधिकारी।

कयासों का दौर हुआ खत्म: इसके बाद भाजपा प्रभारी कृष्ण मोहन शर्मा, चुनाव प्रभारी सुभाष वर्मा, विधायक शत्रुघ्न गौतम के पीए अश्विनी शर्मा, एडवोकेट घनश्याम वैष्णव सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारियों ने अधिकृत प्रत्याशियों के सिंबल उपखण्ड अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। दोनों प्रमुख दलों द्वारा अंतिम समय में सिंबल जमा करवाए जाने के साथ ही प्रत्याशियों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा कयासों और असमंजस का दौर भी समाप्त हो गया। अब चुनावी मैदान में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो चुकी है।

अब नाम वापसी पर टिकी नजरें: निर्वाचन पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि मंगलवार को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे, जबकि 4 सितंबर को चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। नाम वापसी के बाद ही प्रत्येक वार्ड में वास्तविक मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। खास तौर पर बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने से भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने बागियों एवं निर्दलीयों की चुनौती चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।

RELATED ARTICLES