Homeशिक्षाभारत को जानो प्रतियोगिता में दिखी देश को जानने की जिज्ञासा: 34...

भारत को जानो प्रतियोगिता में दिखी देश को जानने की जिज्ञासा: 34 विद्यालयों के 2700 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

केकड़ी, 01 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद के संस्कार प्रकल्प के तहत भारत को जानो प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन सोमवार 31 अगस्त को केकड़ी मुख्य शाखा एवं महाराणा प्रताप शाखा के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 34 विद्यालयों के करीब 2700 विद्यार्थियों ने भाग लेकर भारत की सभ्यता, संस्कृति, इतिहास एवं विविध क्षेत्रों से जुड़े ज्ञान का प्रदर्शन किया। शाखा सचिव रामनिवास जैन ने बताया कि प्रतियोगिता कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में अलग-अलग आयोजित की गई तथा परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से हुई। मुख्य शाखा के 22 विद्यालयों में कनिष्ठ वर्ग के 700 एवं वरिष्ठ वर्ग के 992 विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं महाराणा प्रताप शाखा के 13 विद्यालयों में कनिष्ठ वर्ग के 395 एवं वरिष्ठ वर्ग के 509 विद्यार्थी शामिल हुए।

भारतीय संस्कृति और ज्ञान से जोड़ना उद्देश्य: प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र कुमार न्याती ने बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं उपलब्धियों से परिचित कराने का प्रयास किया जाता है। संस्कार प्रकल्प प्रभारी आभा बेली ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत की सभ्यता, संस्कृति, भूगोल, इतिहास, साहित्य, खेल, विज्ञान, राजनीति, मनोरंजन एवं समसामयिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता एवं जिज्ञासा विकसित करना है। आयोजन की सफलता पर परिषद ने शाखा सदस्यों, मातृशक्ति, विद्यालय संस्था प्रधानों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के संचालन में कैलाश चंद जैन, महावीर प्रसाद पारीक, नंदलाल गर्ग, हीरालाल सामरिया, हरिनारायण बिदा, आदित्य उदयवाल, संगीता विजय एवं नंदकिशोर तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। महाराणा प्रताप शाखा के सदस्यों ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

RELATED ARTICLES