केकड़ी, 01 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। संगठन ने अब सभी 40 वार्डों में प्रत्याशियों के साथ समन्वय और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर फोकस किया है। इसी क्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं निकाय पर्यवेक्षक नरेंद्र रावत ने भाजपा के सभी 40 प्रत्याशियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर वार्डवार जनसंपर्क, संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्याशियों को चुनाव अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनता के दिलों में जगह बनाना सबसे महत्वपूर्ण: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने प्रत्याशियों को विजय का मंत्र देते हुए कहा कि चुनाव जीतना लक्ष्य जरूर है, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण है जनता के दिलों में जगह बनाना और उनका विश्वास अर्जित करना। उन्होंने प्रत्याशियों से अपने-अपने वार्ड के प्रत्येक परिवार से आत्मीयता के साथ संपर्क करने और लोगों की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक प्रत्याशी संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के साथ मजबूती से चुनाव मैदान में उतरे। जनता के बीच सकारात्मक माहौल बनाते हुए विकास, सेवा और जनहित के संकल्प को लेकर घर-घर संपर्क किया जाए।

संगठन की भावना से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान: निकाय पर्यवेक्षक नरेंद्र रावत ने भी प्रत्याशियों को संगठन की भावना के अनुरूप एकजुट होकर चुनाव अभियान को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ चुनावी अभियान को प्रभावी बनाया जाए। बैठक के दौरान भाजपा के सभी 40 प्रत्याशियों ने पूरी मेहनत, समर्पण और एकजुटता के साथ चुनाव लड़कर पार्टी की विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक को आगामी नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर भाजपा की रणनीति को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


