केकड़ी, 02 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव को लेकर केकड़ी में बुधवार को राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने विभिन्न वार्डों में अपने-अपने चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन कर विधिवत चुनावी अभियान का आगाज किया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान दोनों ही दलों ने समर्थकों की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन किया और एक-दूसरे पर जमकर राजनीतिक निशाने साधे। इन कार्यक्रमों में समर्थकों की भीड़ और नेताओं के जोशीले संबोधन से साफ नजर आया कि आने वाले दिनों में केकड़ी की चुनावी सियासत और अधिक गरमाने वाली है। अब प्रत्याशी मतदाताओं से सीधा संपर्क साधने और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटेंगे।





एकजुटता का दिया मंत्र: भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम, भाजपा नेता राजेन्द्र विनायका, शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने तथा भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया। इस दौरान वक्ताओं ने प्रदेश व स्थानीय स्तर पर भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह: वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन में पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए प्रत्याशियों की जीत के लिए घर-घर संपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की नीतियों और स्थानीय स्तर पर उसके कामकाज को लेकर सवाल उठाए तथा कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।

कार्यालय उद्घाटन के साथ बढ़ी चुनावी हलचल: नगर पालिका के 40 वार्डों में चुनावी मुकाबला अब धीरे-धीरे जोर पकड़ता जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया के बाद प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने के साथ ही दोनों प्रमुख दलों ने अपने चुनाव प्रचार को गति दे दी है। चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन के बहाने भाजपा और कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ ही अपने-अपने वार्डों में चुनावी माहौल बनाने की कवायद शुरू कर दी है।


