केकड़ी, 02 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): टोंक से देवमाली होते हुए सवाईभोज के लिए रवाना हुई भगवान श्री देवनारायण की 19वीं पैदल यात्रा का बुधवार को मोलकिया पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान श्री देवनारायण के जयकारों के साथ पदयात्रियों की अगवानी की। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच रामलाल गुर्जर, प्रशासक जयसिंह गुर्जर, एडवोकेट मुकेश गुर्जर, सोजीराम गुर्जर, गोपाल जाट, परमेश्वर जाट, घीसालाल गुर्जर व नारायण मीणा सहित अन्य ग्रामीणों ने भगवान देवनारायण की ध्वजा-पताकाओं की विधिवत पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों की ओर से पदयात्रियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी रखी गई।

देवनारायण भगवान के आदर्शो से प्रेरणा लेने के लिए किया प्रेरित: कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत प्रशासक जयसिंह गुर्जर ने कहा कि भगवान श्री देवनारायण के जीवन व आदर्शों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। धर्म व संस्कृति से ही हमारी परंपराएं जीवंत रहती हैं। यह पदयात्रा टोंक से रवाना होकर टोडारायसिंह, बघेरा व मोलकिया होते हुए मीणों का नया गांव स्थित देवनारायण मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद पदयात्री देवमाली होते हुए आसींद स्थित सवाईभोज धाम पहुंचेंगे। पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशाल ध्वजा-पताकाएं लेकर चल रहे हैं।


