Homeधर्म एवं संस्कृतिजन्माष्टमी पर बाबा श्याम, लक्ष्मीनारायण व बालाजी महाराज का होगा अलौकिक श्रृंगार;...

जन्माष्टमी पर बाबा श्याम, लक्ष्मीनारायण व बालाजी महाराज का होगा अलौकिक श्रृंगार; राधा-कृष्ण रास व आकर्षक झांकियों का रहेगा विशेष आकर्षण

केकड़ी, 03 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जयपुर रोड पोकी नाड़ी स्थित खाटू श्याम मंदिर, बालाजी मंदिर व लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 4 सितंबर 2026 को भव्य एवं अलौकिक जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, वहीं श्रद्धालुओं में भी आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, श्री लक्ष्मीनारायण भगवान का भव्य श्रृंगार तथा श्री बालाजी महाराज का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा।

रंग बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर: मंदिर परिसर को विशेष विद्युत सजावट एवं रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय एवं मनोहारी नजर आएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान बाबा श्याम के प्रांगण में राधा-कृष्ण का मनमोहक रास, विभिन्न अलौकिक झांकियां तथा भव्य विद्युत श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करेंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में दर्शन एवं धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान: आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्री पोकीनाड़ी विकास समिति केकड़ी एवं श्री श्याम प्रेमी सेवा समिति केकड़ी ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में श्रीधाम पोकीनाड़ी पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण, बाबा श्याम, श्री लक्ष्मीनारायण भगवान एवं श्री बालाजी महाराज के दर्शन करने तथा जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।

RELATED ARTICLES