केकड़ी, 07 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) की ओर से स्वीप अभियान के अंतर्गत पिछले 10 दिनों से आयोजित की जा रही विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों का समापन ‘लोकतंत्र रंगोली व स्वागत पथ’ गतिविधि के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘रंगों से सजे लोकतंत्र के कदम’ रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में आकर्षक सुसज्जित लोकतंत्र रंगोली बनाकर मतदान के महत्व व मताधिकार के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे रंगों से लोकतंत्र, मतदान व मतदाता जागरूकता से जुड़े संदेशों एवं प्रतीकों को रंगोली के माध्यम से उकेरा।

अधिकाधिक मतदान के लिए किया प्रेरित: रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आगामी 9 सितंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने तथा प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) प्रभारी प्रवीण वर्मा, सहायक प्रभारी पुष्पेन्द्र यादव व स्नेहल वैष्णव ने विशेष योगदान दिया। एनएसएस के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी सहायक आचार्य आनंद पाराशर सहित समस्त संकाय सदस्य व विद्यार्थी उपस्थित रहे।


