Homeचिकित्सानिःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन, छात्राओं व शिक्षकों की हुई स्वास्थ्य...

निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन, छात्राओं व शिक्षकों की हुई स्वास्थ्य जांच

केकड़ी, 07 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी द्वारा सोमवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं एवं शिक्षकगणों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर ने बताया कि शिविर के दौरान लगभग 87 छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में शामिल चिकित्स्कीय टीम में ऑर्गेनॉन ऑफ मेडिसिन विभाग के आचार्य डॉ. अभिषेक भारद्वाज, सहायक आचार्य डॉ. भगवान सिंह बैरवा, प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग की सहायक आचार्य डॉ. साक्षी शर्मा, रिपर्टरी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. विधि वशिष्ट व कंपाउंडर विकास ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

दवाओं का किया वितरण: टीम द्वारा आवश्यकतानुसार लाभार्थियों को निःशुल्क होम्योपैथिक दवाओं का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, रोगों से बचाव व स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। शिविर संचालन में सहायक कर्मचारी धन्नालाल मीणा का भी योगदान रहा। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं व विद्यालय स्टाफ को सुलभ, निःशुल्क व समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

केकड़ी: बालिका विद्यालय में बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करती चिकित्सकों की टीम।

विद्यालय प्रशासन ने जताया आभार: प्राचार्य हेमन पाठक व उप प्राचार्य शिव शंकर राठौड़ ने यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी से आए चिकित्सकीय दल का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं के स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के शिविरों को अत्यंत उपयोगी बताया। शिविर के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर शाह ने चिकित्सा दल व विद्यालय प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक व सर्वांगीण विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आवश्यक हैं।

RELATED ARTICLES