Homeधर्म एवं संस्कृतितेजा मेले की परंपरा कायम: पूजा-अर्चना व झंडारोहण के साथ प्रतीकात्मक आगाज,...

तेजा मेले की परंपरा कायम: पूजा-अर्चना व झंडारोहण के साथ प्रतीकात्मक आगाज, आचार संहिता के चलते नहीं होंगे मनोरंजनात्मक कार्यक्रम

केकड़ी, 13 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध तेजा मेले का रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं झंडारोहण के साथ प्रतीकात्मक उद्घाटन किया गया। नगर पालिका चुनाव की आचार संहिता के चलते इस बार मेले में किसी भी प्रकार के मनोरंजनात्मक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। तेजा मेले के प्रतीकात्मक उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत नगर के प्राचीन चारभुजा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर पालिका परिसर पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं पालिका कार्मिकों में उत्साह नजर आया। नगर पालिका परिसर पहुंचने के बाद तेजाजी के थान पर विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं नगर की खुशहाली की कामना की गई।

पालिका परिसर में किया झंडारोहण: पूजा-अर्चना के पश्चात नगर पालिका परिसर में तेजा मेले के झंडे का विधिवत झंडारोहण किया गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं तहसीलदार सत्यनारायण लौहार ने बताया कि नगर पालिका चुनावों की आचार संहिता लागू होने के कारण इस बार तेजा मेले के दौरान मनोरंजनात्मक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। हालांकि परंपरागत रूप से मेले की शुरुआत पूजा-अर्चना एवं झंडारोहण के साथ की गई है। इस अवसर पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी रामगोपाल डांगा, राकेश पारीक, विमल दाधीच, मईनुद्दीन शेख, महावीर शर्मा, सत्यनारायण सैनी, अविनाश चंदेल, सुरेन्द्र, गणेश गुर्जर, सफाई प्रभारी आशीष व महेन्द्र सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES