केकड़ी, 13 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका केकड़ी के चुनाव परिणाम का इंतजार अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। 14 सितंबर को अजमेर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय में होने वाली मतगणना के साथ ही 40 वार्डों में चुनाव लड़ने वाले 99 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। इसी के साथ यह भी साफ हो जाएगा कि केकड़ी नगर पालिका में अगला बोर्ड किस राजनीतिक दल के कब्जे में रहेगा। मतगणना को लेकर प्रशासन एवं पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, शहर थानाधिकारी जगदीश चौधरी, तहसीलदार सत्यनारायण लौहार सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

9 राउंड में होगी मतगणना: एसडीएम बलाई ने बताया कि केकड़ी में मतगणना 9 राउंड में पूरी होगी। मतगणना प्रात 8:00 बजे शुरू होगी। इसके लिए पांच मतगणना टेबल लगाई गई हैं। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार की गई हैं। अनुमान है कि करीब तीन घंटे में सभी 40 वार्डों के परिणाम सामने आ जाएंगे। मतदान के बाद ईवीएम मशीनों को राजकीय महाविद्यालय परिसर स्थित स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी तैनात की गई है। मतगणना के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। बलाई ने बताया कि मतगणना स्थल पर केवल मतगणना कार्य में लगे कर्मचारी, प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता तथा अधिकृत पासधारी ही प्रवेश कर सकेंगे। बिना पास किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

अजमेर रोड पर रहेगी विशेष यातायात व्यवस्था: मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महाविद्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस के अनुसार अजमेर रोड पर भी यातायात को लेकर विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि मतगणना के दौरान अनावश्यक भीड़ एवं यातायात बाधित होने की स्थिति उत्पन्न न हो। इस दौरान भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। मतगणना के बाद विजय जुलूस एवं संभावित भीड़ को देखते हुए भी पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। 78.44 प्रतिशत हुआ था मतदान: केकड़ी नगर पालिका के 40 वार्डों में बुधवार को हुए मतदान में कुल 35,829 मतदाताओं में से 28,120 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस तरह मतदान प्रतिशत 78.48 प्रतिशत रहा। अब 14 सितंबर को ईवीएम खुलने के साथ ही मतदाताओं का जनादेश सामने आएगा और केकड़ी नगर पालिका की नई राजनीतिक तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

भाजपा-कांग्रेस के बोर्ड पर टिकी निगाहें: नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा आरएलपी के 6 तथा 13 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। परिणाम सामने आने के साथ ही इन सभी प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य की तस्वीर साफ हो जाएगी। वहीं सबसे बड़ा सवाल यह है कि 40 सदस्यीय नगर पालिका बोर्ड में बहुमत का आंकड़ा किस दल के पक्ष में जाएगा। चुनाव परिणामों को लेकर शहर में कयासों का दौर तेज है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपना बोर्ड बनने को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। ऐसे में मतगणना के दौरान शुरुआती रुझानों से लेकर अंतिम परिणाम तक राजनीतिक दलों एवं समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी रहेंगी।

