केकड़ी, 14 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के परिणामों में हार-जीत के साथ कई दिलचस्प आंकड़े, सामाजिक समीकरण व सियासी परिवारों का दबदबा सामने आया है। 40 वार्डों के इस महासंग्राम में जहाँ कहीं 431 वोटों से एकतरफा जीत दर्ज हुई, वहीं महज 3 वोटों से किस्मत का फैसला भी हुआ। 66 वर्ष की बुजुर्ग पार्षद से लेकर 25 वर्ष के युवा चेहरों, दिग्गजों की वापसी व समाजवार प्रतिनिधित्व से लेकर कुल मिले मतों के सटीक दलवार विश्लेषण तक—पढ़ें पालिका चुनाव नतीजों के सबसे रोचक रिकॉर्ड व इनसाइड स्टोरी:—केदार शर्मा की बड़ी जीत, पूजा सोनी की मामूली अंतर से जीत: चुनाव में सबसे बड़ी जीत वार्ड संख्या 1 से भाजपा प्रत्याशी केदार शर्मा के नाम रही। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश तेली को 431 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। प्रकाश तेली को 149 मत प्राप्त हुए। वहीं सबसे कम अंतर से जीत दर्ज करने वाली प्रत्याशी वार्ड संख्या 20 की भाजपा की पूजा सोनी रहीं। उन्होंने कांग्रेस की प्रीति जैन को महज 3 मतों के अंतर से हराया। पूजा सोनी को 384 और प्रीति जैन को 381 मत मिले।

जाट समाज के 9 पार्षद निर्वाचित: नगर पालिका चुनाव के परिणामों में सामाजिक समीकरण भी खासा चर्चा में रहा। इस बार जाट समाज के 9 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा ब्राह्मण समाज के 6, जैन-अग्रवाल समाज के 4, खटीक समाज के 3 तथा माली, रेगर और वैष्णव समाज के 2-2 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इसी तरह धोबी, सिंधी, विजयवर्गीय, नायक, तेली, सरावगी, ओसवाल जैन, अग्रवाल, कोली, मुस्लिम, गुर्जर और सोनी समाज से एक-एक पार्षद निर्वाचित हुआ है। निर्वाचित 40 पार्षदों में 25 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हैं। सलमा बेगम सबसे उम्रदराज, अरविंद और दिलखुश सबसे युवा: नवनिर्वाचित पार्षदों में वार्ड संख्या 30 से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित 66 वर्षीय सलमा बेगम सबसे उम्रदराज पार्षद हैं। वहीं वार्ड संख्या 2 से भाजपा के टिकट पर विजयी 25 वर्षीय अरविंद कांसोटिया और वार्ड संख्या 32 से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित 25 वर्षीय दिलखुश चौधरी सबसे कम उम्र के पार्षद हैं।

अनुभव और राजनीतिक परिवारों की भी वापसी: नई पालिका में कई अनुभवी चेहरों की भी वापसी हुई है। वार्ड संख्या 8 से निर्वाचित भाजपा के राजेन्द्र चौधरी, वार्ड संख्या 19 से कांग्रेस की पूजा व्यास और वार्ड संख्या 31 से भाजपा के कैलाश चौधरी पूर्ववर्ती कार्यकाल में भी पार्षद रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस के अनिल मित्तल इससे पहले वाले कार्यकाल में नगर पालिका अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा निवर्तमान पार्षदों के परिवार के सदस्यों ने भी इस बार जीत दर्ज की है। निवर्तमान पार्षद मंजू बज के पति भंवर बज वार्ड 22 से, आसिफ हुसैन की मां सलमा बेगम वार्ड 30 से, रामराज शर्मा की पत्नी सीमा शर्मा वार्ड 33 से तथा उषा जैन के पति रितेश जैन वार्ड 35 से पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

भाजपा को 12,286 और कांग्रेस को 13,361 वोट: केकड़ी नगर पालिका क्षेत्र में कुल 35,829 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 28,120 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दलवार मिले मतों की बात करें तो कांग्रेस को 13,361, भाजपा को 12,286 और RLP को 1,629 वोट मिले। निर्दलीय प्रत्याशियों को कुल 622 वोट, जबकि नोटा को 222 मत प्राप्त हुए। वार्ड 30 में भाजपा प्रत्याशी को महज 76 वोट मिले। इसी प्रकार कांग्रेस को वार्ड 1 में 149, वार्ड 6 में 106 और वार्ड 10 में 136 मतों से संतोष करना पड़ा। निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रदर्शन की स्थिति भी कई वार्डों में बेहद कमजोर रही। वार्ड 30 में एक निर्दलीय प्रत्याशी को केवल 9, वार्ड 31 में 5 तथा वार्ड 40 में दो निर्दलीय प्रत्याशियों को क्रमश: 6 और 12 वोट मिले।

