Homeराजनीतिपालिका अध्यक्ष पद के लिए उल्टी गिनती शुरू: 15 सितंबर को जारी...

पालिका अध्यक्ष पद के लिए उल्टी गिनती शुरू: 15 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, जानिए कब दाखिल होंगे नामांकन व कब होगी वोटिंग

केकड़ी, 14 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के नतीजे आने के साथ ही अब सभी की निगाहें अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की ताजपोशी पर टिक गई हैं। अध्यक्ष का चुनाव 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को कराया जाएगा। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के अनुसार अध्यक्ष चुनाव के लिए 15 सितंबर को लोकसूचना जारी होगी। इसके बाद 16 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। 17 सितंबर को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 18 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी और चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। आवश्यकता होने पर 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव: उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर को सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा अपराह्न 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद अंतिम सूची एवं चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। आवश्यकता होने पर अपराह्न 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतगणना शाम 5 बजे से अथवा मतदान समाप्ति के तत्काल बाद, जो भी पहले हो, कराई जाएगी। अब निगाहें 21 सितंबर पर टिकी हैं। कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में सामने आ चुकी है, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए आवश्यक बहुमत से वह अभी एक कदम दूर है। ऐसे में भाजपा की रणनीति, कांग्रेस की कवायद और RLP के दो पार्षदों की भूमिका के बीच केकड़ी की पालिका का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इसका फैसला बेहद दिलचस्प होने वाला है।

RELATED ARTICLES