केकड़ी, 18 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद मुख्य शाखा एवं महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अजमेर रोड स्थित भाग्योदय नगर के दी मंगलम गार्डन में शाखा स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी, संस्कृत एवं राजस्थानी लोकगीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता के हिंदी एवं संस्कृत समूह गान वर्ग में श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी (एमएलडी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सेंट्रल एकेडमी की टीम द्वितीय रही। वहीं लोकगीत वर्ग में देवनारायण आवासीय बालिका विद्यालय ने प्रथम तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत: प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के साथ-साथ नैतिक, सांस्कृतिक मूल्यों, अनुशासन, एकता एवं सामूहिक भावना को बढ़ावा देना रहा। परिषद की संस्कार संयोजिका आभा बेली ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम स्थल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष सह जिला कार्यवाह दिनेश चौहान, निर्णायक संजय अग्रवाल व राजेंद्र कुमार कलवार सहित परिषद के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद प्रतिभागी दलों ने निर्धारित नियमों के अनुसार समूह गान प्रस्तुत किए।

एमएलडी की टीम ने हिंदी-संस्कृत गीतों से बांधा समां: प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी की टीम ने हिंदी गीत ‘मन समर्पित, तन समर्पित’, संस्कृत गीत ‘जय जय हे भगवती, सुरभारती’ तथा राजस्थानी लोकगीत ‘ओ म्हारी घूमर छे नखराली’ की प्रभावी एवं मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने सामूहिक गायन के साथ राजस्थान की लोक संस्कृति की शानदार झलक भी प्रस्तुत की। एमएलडी की टीम में दीपांजलि राठौर, मूमल कंवर, साधना लक्षकार, दीक्षा प्रजापत, राजेश्वरी बलाई, सुनिधि जांगिड़, दीक्षा सिंह, राधिका साहू तथा वरुण सोलंकी ने सहभागिता की और अपनी प्रतिभा से प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की सफलता पर संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे, निदेशक डॉ. अविनाश दुबे एवं अनिरुद्ध दुबे ने पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।

प्रतिस्पर्धा में शामिल हुए आठ विद्यालय: विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि समूह गान केवल गायन की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि इसमें अनुशासन, एकता, समन्वय और टीम भावना का परिचय मिलता है। विद्यार्थियों ने प्रतिभा और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। आठ विद्यालयों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी एवं प्रस्तुति कार्यक्रम प्रभारी मुरलीधर बारेठ एवं भावना दुबे के सानिध्य में हुई।

विजेता एवं उपविजेता दल सम्मानित: मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता दलों के विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति-पत्र दिए गए। परिषद पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार एवं सामूहिक भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन सर्वेश कुमार विजय ने किया।

इन्होंने किया सहयोग: आयोजन को सफल बनाने में भारत विकास परिषद मुख्य शाखा के अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन, नन्दलाल गर्ग, कैलाश चंद जैन, महावीर प्रसाद पारीक, शिवपाल सिंह शक्तावत, महाराणा प्रताप शाखा के सचिव जगदीश प्रसाद पारीक, महेश मंत्री, भगवान माहेश्वरी, डॉ. विष्णु कुमार तेली, संस्कार संयोजिका आभा बेली, महिला संयोजिका अंजू विजय, प्रकल्प प्रभारी ममता विजय, संगीता विजय, शांता माहेश्वरी, राधा विजय, मंजू न्याति, ज्योति विजय, मंजेश विजय, सरोज साहू सहित परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सहयोग रहा।

