केकड़ी, 23 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, केकड़ी में 70वीं जिला स्तरीय (छात्रा) 17 एवं 19 वर्ष हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थी शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ जीवन में अनुशासन और संघर्ष की भावना भी सीखते हैं। प्रतियोगिता संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमन पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 वर्ष आयु वर्ग की 12 टीमों तथा 19 वर्ष आयु वर्ग की 14 टीमों के कुल 390 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

ये रहे अतिथि: उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एसीबीओ केकड़ी बहादुर सिंह शक्तावत रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केकड़ी के प्रधानाचार्य गोपाल लाल रेगर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में गीता शर्मा, ओमप्रकाश सोनी, आसाराम सैनी तथा तकनीकी सलाहकार राकेश यादव मौजूद रहे। प्रतियोगिता का उद्घाटन हॉकी मुकाबला 19 वर्ष आयु वर्ग में सोफिया अजमेर और हिंगोनिया की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले में हिंगोनिया की टीम ने जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की। कार्यक्रम में प्रतियोगिता के निर्णायक, टीम प्रभारी एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। संचालन उप प्राचार्य हरि नारायण बिदा ने किया। आभार उप प्राचार्य शिव शंकर राठौड़ ने जताया।


